झारखंड के पलामू जिले में लगातार गहराते बिजली और पानी के संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया और जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय का घेराव कर अपनी नाराजगी जताई।
यह प्रदर्शन भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें झारखंड विधानसभा के प्रतिपक्ष नेता अमर बाउरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “हेमंत सरकार हाय-हाय” और “बिजली-पानी दे न सके, वह सरकार निकम्मी है” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रतिपक्ष नेता अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है कि वह जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए, लेकिन वर्तमान सरकार इस मामले में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पलामू के लोग बिजली और पानी जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए तरस रहे हैं।
वहीं भाजपा नेता आलोक चौरसिया ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि जिले में बिजली की अनियमित आपूर्ति और पानी की किल्लत से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में स्थिति और भी विकराल हो गई है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार से मांग की कि बिजली और पानी की समस्या के समाधान के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी आंदोलन को और उग्र रूप देगी।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला
