सारण जिले के छपरा में बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा छपरा-रिविलगंज मार्ग पर भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित डॉ. पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन में ऑर्केस्ट्रा टीम के सदस्य सवार थे, जो एक शादी समारोह में प्रस्तुति देने के बाद वापस लौट रहे थे। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं और वाहन भी वहीं का रजिस्टर बताया गया है। जैसे ही वाहन डॉ. पीएन सिंह कॉलेज के पास पहुंचा, तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद वाहन में सवार कई लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान राहुल, प्रीति, सोनी और सुनीता के रूप में हुई है, जो बलिया जिले के नरही क्षेत्र स्थित ‘मुस्कान ऑर्केस्ट्रा’ से जुड़े थे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर शव बिखर गए थे। सूचना मिलने पर डायल 112, भगवान बाजार और रिविलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

एडिशनल एसपी राम पुकार सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं सारण एसपी विनीत कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *