पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने एकीकृत 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा (CCE) 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 1,230 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
बीपीएससी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पत्र जमा कर दें।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 20 से 22 वर्ष (पद के अनुसार) तय की गई है। अधिकतम आयु अनारक्षित वर्ग (पुरुष) के लिए 37 वर्ष, अनारक्षित (महिला), पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 40 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 42 वर्ष निर्धारित है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतनमान
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य (लिखित) परीक्षा, साक्षात्कार, स्वास्थ्य जांच और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-9 के अनुसार आकर्षक मासिक वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क
सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, जो अभ्यर्थी आवेदन में आधार संख्या नहीं देंगे, उन्हें प्रत्येक परीक्षा के लिए 200 रुपये अतिरिक्त बायोमेट्रिक शुल्क देना होगा।
अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत अधिसूचना अवश्य पढ़ें।
