गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ कार्यक्रम का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में कुछ लोग भोजपुरी गानों की धुन पर डांस करते हुए हथियार लहराते नजर आ रहे हैं. मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, 2 और 3 अप्रैल 2026 को सेमराव गांव में गुड्डू राय के घर जनेऊ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह भी शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान उनके समर्थकों और अन्य लोगों ने नर्तकियों के साथ डांस किया. इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने और उसका वीडियो बनाने का मामला सामने आया.
गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने बताया कि 4 अप्रैल को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया. वीडियो की जांच और सत्यापन के बाद पुलिस ने मीरगंज थाना कांड संख्या 247/26 दर्ज किया. इस मामले में विधायक अनंत सिंह समेत 9 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
एसपी के मुताबिक, वीडियो में कुछ लोग अवैध और लाइसेंसी दोनों तरह के हथियारों का प्रदर्शन करते दिख रहे हैं. फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसधारी थे या अवैध.
पुलिस प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आम लोगों को चेतावनी दी है. प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना, अश्लील नृत्य का प्रसारण करना और ऐसी सामग्री को साझा करना कानूनन अपराध है.
गोपालगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री को शेयर करने से बचें और अगर कहीं ऐसा मामला सामने आए तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें. मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है.
