बिहार के गया जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला सिपाही से जुड़े प्रेम प्रसंग को लेकर दो पुलिस वाहन चालकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में कोतवाली थाना के एक चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से परैया थाना के एक प्राइवेट चालक और कोतवाली थाना के चालक के बीच एक महिला सिपाही को लेकर तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों का उस महिला सिपाही से संपर्क था, जिससे आपसी जलन और विवाद लगातार बढ़ता गया। इसी तनाव ने शनिवार सुबह हिंसक रूप ले लिया।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पिता महेश्वर इलाके की है, जहां आरोपी चालक ने पहले से घात लगाकर कोतवाली थाना के चालक पर गोली चला दी। गोली उसके सीने के ऊपरी हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक किसी तरह खुद को संभालते हुए कोतवाली थाना पहुंचा और वहां अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कोतवाली व सिविल लाइन थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने देसी कट्टे का इस्तेमाल किया था। महिला सिपाही भी इसी इलाके में किराए के मकान में रहती है।

घायल चालक को पहले जयप्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

सिटी एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया। इस घटना ने पुलिस महकमे में भी हलचल मचा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *