बिहार के सहरसा शहर में सोमवार को रेलवे प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। इस दौरान सब्जी मंडी, बंगाली बाजार और प्रशांत रोड मुख्य मार्ग पर सड़क एवं रेलवे की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
अभियान के दौरान सहरसा जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कहरा अंचल के राजस्व पदाधिकारी अमृत राज ने बताया कि रेलवे की जमीन पर लंबे समय से अवैध रूप से दुकानें और ठेले लगाकर कब्जा किया गया था। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद मजबूरन यह सख्त कार्रवाई की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कार्रवाई के दौरान सब्जी मंडी के कई दुकानदारों और विक्रेताओं ने विरोध जताया। उनका कहना था कि प्रशासन को पहले सड़क किनारे बने नाले की समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि उन्हें व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने के लिए स्थान मिल सके। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नाले के किनारे की जमीन को जेसीबी से तोड़ा जा रहा है, ऐसे में नाले को भी अतिक्रमण के दायरे में लाया जाए।
हालांकि, प्रशासन ने इन मांगों को खारिज करते हुए कहा कि सड़क पर अवैध तरीके से दुकान लगाना नियमों के खिलाफ है और इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
कार्रवाई के बाद प्रशासन और दुकानदारों के बीच बातचीत हुई, जिसमें दुकानदारों ने भविष्य में सड़क पर दुकान नहीं लगाने और निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और जाम की समस्या से राहत मिल सके।
