पटना के मोकामा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति से मामूली विवाद के बाद एक मां ने अपनी ही पांच महीने की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद उसने अपनी सास को फंसाने की साजिश भी रची, लेकिन गांववालों और अपने ही बेटे की गवाही से उसका पूरा प्लान फेल हो गया।

 

घटना मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा पंचायत वार्ड-6 की है। आरोपी महिला की पहचान चांदनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका पति टाइगर राय गुजरात के गांधीनगर में मजदूरी करता है। शनिवार को पति ने बहन की शादी के लिए 20 हजार रुपये भेजे थे।

 

इसी पैसे को लेकर चांदनी देवी का अपनी सास निशा देवी से विवाद हो गया। चांदनी का आरोप था कि सास उसकी मदद नहीं कर रही थी। मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने अपनी पांच महीने की बेटी मुस्कान को पटक दिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

 

घटना के बाद चांदनी ने मायके वालों की मदद से अपनी सास पर आरोप लगाने की साजिश रची। उसने कोशिश की कि हत्या का आरोप सास निशा देवी पर लगे, लेकिन गांव के कई लोगों ने उसे बच्ची के साथ मारपीट करते देख लिया था।

 

इस दौरान उसके ढाई साल के बेटे अंकित कुमार को भी चोटें आईं। पुलिस ने जब मासूम अंकित से पूछताछ की, तो उसने साफ बताया कि उसकी मां ने ही उसकी बहन की पिटाई की थी। बच्चे की मासूम गवाही ने पूरे मामले का सच सामने ला दिया।

 

पुलिस की सख्त पूछताछ में आखिरकार चांदनी देवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मासूम बच्ची की हत्या के आरोप में आरोपी मां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

 

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक मां ही अपनी बच्ची की मौत की वजह बन गई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *