बिहार के नवादा जिले से एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है, जहां नई खरीदी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गई। इस धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
घटना नवादा के वारसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 की है, जहां वार्ड पार्षद सुनैना देवी के घर यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, उनके बेटे विकास कुमार ने बुधवार शाम करीब 7 बजे नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। रात करीब 12 बजे स्कूटी को घर में चार्जिंग के लिए लगाया गया।
पीड़ित विकास कुमार ने बताया कि ब्लास्ट से लगभग 10 मिनट पहले स्कूटी से धुआं निकलता दिखा। वह स्थिति को समझकर घर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी जोरदार धमाका हो गया। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही देर में पूरा घर आग की चपेट में आ गया।
परिवार के अनुसार, इस हादसे में टीवी, फ्रिज, स्पीकर, पंखा, फर्नीचर और एक बाइक समेत कई जरूरी सामान जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आगजनी में करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विकास के भाई उदय कुमार ने बताया कि स्कूटी खरीदने के कुछ ही घंटों बाद यह हादसा हो गया। रात में सभी लोग सो रहे थे, तभी जलने की गंध आई और फिर अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पीड़ित परिवार ने शोरूम और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
