धनबाद जंक्शन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर नियमित जांच के दौरान RPF ने दो ट्रॉली और तीन पिट्ठू बैग से करीब 40 किलो गांजा बरामद किया। मौके से दो संदिग्ध तस्करों को भी पकड़ा गया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे धनबाद जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर RPF के जवान यात्रियों और सामान की जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो ट्रॉली और तीन पिट्ठू बैग पर संदेह होने पर उनकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान बैग और ट्रॉली से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जांच के बाद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद RPF ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम और राजकीय रेल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही RPF, CIB और राजकीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू की।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर धनबाद पहुंचे थे। यहां से ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर जांच के दौरान दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के बिहार निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया कि बरामद नशीले पदार्थ को जिला मजिस्ट्रेट राम प्रवेश सिंह की मौजूदगी में जब्त कर नियमानुसार सील किया गया। हालांकि, गांजे की खेप की अंतिम कीमत और आरोपियों की पूरी पहचान के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
धनबाद जंक्शन पर हुई इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अहम कार्रवाई माना जा रहा है। करीब 40 किलो गांजा बरामद होने के बाद जांच एजेंसियों की नजर अब तस्करी के पूरे नेटवर्क पर है।
संवाददाता : राजेश कुमार






