बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है, और इसी कड़ी में मधुबनी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बेनीपट्टी अंचल कार्यालय में पटना से पहुंची निगरानी टीम ने छापेमारी कर एक अंचल कर्मी और एक बिचौलिया को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया है।

गिरफ्तार किए गए अंचल कर्मी का नाम साकेत कुमार बताया जा रहा है, जबकि बिचौलिया परमानंद झा है। जानकारी के मुताबिक, परमानंद झा अंचल कार्यालय के पास ही साइकिल पंचर की दुकान चलाता था और वहीं से लोगों से संपर्क कर दलाली का काम करता था। वह सरकारी काम करवाने के नाम पर लोगों से पैसे लेकर अधिकारियों तक पहुंच बनाता था।

मामला एक जमीन विवाद से जुड़ा है। शिकायतकर्ता रविंद्र कुमार यादव ने बताया कि उनकी जमीन के सामने सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा था। इस अतिक्रमण को हटाने का आदेश करीब एक साल पहले जिला प्रशासन द्वारा दिया गया था, लेकिन अंचल कार्यालय की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। लगातार चक्कर लगाने के बावजूद जब काम नहीं हुआ, तब उनसे रिश्वत की मांग की गई।

बताया जा रहा है कि इस काम के लिए कुल 15 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 10 हजार रुपये बिचौलिए के माध्यम से दिए जा रहे थे। इसकी शिकायत पहले ही निगरानी विभाग को कर दी गई थी। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही पैसे का लेन-देन हुआ, दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

निगरानी विभाग के डीएसपी समीर कुमार ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल है। गौरतलब है कि मधुबनी में पहले भी निगरानी विभाग कई बार ऐसी कार्रवाई कर चुका है, जिससे भ्रष्टाचारियों में डर का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *