दरभंगा: बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार को जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और बचे हुए काम को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
करीब 643 करोड़ रुपये की लागत से 62,800 वर्गमीटर में नए टर्मिनल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद दरभंगा एयरपोर्ट की यात्री सुविधाओं और क्षमता में बड़ा विस्तार होगा। नए टर्मिनल की सालाना यात्री क्षमता करीब 30 लाख होगी। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए 5 एयरोब्रिज और 40 चेक-इन काउंटर समेत कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
संजय झा ने कहा कि नया टर्मिनल उत्तर बिहार के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टर्मिनल की फ्रंट, आंतरिक और बाहरी सजावट में मिथिला की कला, संस्कृति और पारंपरिक कलाकृतियों को प्रमुखता दी जाए। उनका कहना था कि एयरपोर्ट पहुंचने वाले लोगों को पहली नजर में ही यह महसूस होना चाहिए कि यह मिथिला की धरती का एयरपोर्ट है।
संजय झा ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट से 8 नवंबर 2020 को उड़ान सेवा शुरू हुई थी और यह उड़ान योजना के तहत देश के सफल एयरपोर्ट में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की रही है।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। वहीं, डीएम कौशल कुमार ने भी अधिकारियों और अभियंताओं को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी समेत कई वरीय अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।






