बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पस्तपार थाना क्षेत्र में एक महिला का शव मकई के खेत से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका पिछले दो दिनों से लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान पस्तपार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 निवासी लड्डू मंडल की 30 वर्षीय पत्नी उषा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनके पति दिल्ली में मजदूरी करने गए हुए थे। उषा देवी घर पर अपने बच्चों के साथ रहती थीं।

 

शनिवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक मकई के खेत में खाद डालने गए मजदूरों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब वे पास पहुंचे तो एक महिला का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

परिजनों के मुताबिक, उषा देवी गुरुवार दोपहर बच्चों से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो शुक्रवार को परिजनों ने थाना में अपहरण की आशंका जताते हुए आवेदन दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

 

घटनास्थल पर पहुंचे सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने मामले की बारीकी से जांच की। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है ताकि हर पहलू की वैज्ञानिक जांच की जा सके।

 

प्रारंभिक जांच में शव पर किसी तेज हथियार के गहरे जख्म नहीं पाए गए हैं, लेकिन शव काफी सड़ा-गला है और शरीर पर कई जगह काले धब्बे मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि पहचान छिपाने के लिए शव पर एसिड डाला गया हो सकता है।

 

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने इलाके में डर और आक्रोश दोनों का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *