पलामू जिले के हुसैनाबाद क्षेत्र में क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक माहौल देखने को मिला, जहां पंचायत कुर्मीपुर के गारहेगोरेया में “VPL क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-3” का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन पंचायत के लोकप्रिय मुखिया पति अजय राजवंशी ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

 

उद्घाटन समारोह में समाजसेवी सोनल पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन और मैच की कमेंट्री ओपी राजवंशी ने शानदार अंदाज में की, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला टारगेट टाइटन और रफ्तार युवा सुपर किंग के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टारगेट टाइटन टीम, जिसकी अगुवाई धर्मेंद्र चौहान कर रहे थे, ने 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 101 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी रफ्तार युवा सुपर किंग टीम, कप्तान मुन्ना पासवान के नेतृत्व में, लक्ष्य का पीछा करते हुए संघर्ष करती नजर आई और मात्र 9 ओवर में 76 रन पर ऑल आउट हो गई।

 

इस तरह टारगेट टाइटन ने शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में अपनी मजबूत शुरुआत की। इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए CISF जवान राजा पासवान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

 

मैच के दौरान चौहान डीजे साउंड आकर्षण का केंद्र बना रहा, जिससे पूरे मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण भी मैच का आनंद लेने पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

 

आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के अगले मुकाबले भी निर्धारित समय पर खेले जाएंगे। गारहेगोरेया में इस क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

 

संवाददाता: विकास कश्यप, पलामू (हुसैनाबाद)

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *