मेदिनीनगर, पलामू में प्रशासनिक स्तर पर एक अहम बदलाव हुआ है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2019 बैच के अधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू के 106वें जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। निवर्तमान उपायुक्त समीरा एस ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रभार सौंपते हुए गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

 

पदभार ग्रहण करने के बाद नव पदस्थापित उपायुक्त शेखावत ने जिले के अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि पलामू के सर्वांगीण विकास के लिए सभी का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार की योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना होगी, ताकि वास्तविक लाभ जरूरतमंदों को मिल सके।

 

उपायुक्त शेखावत ने यह भी कहा कि वे लगातार क्षेत्र का भ्रमण करेंगे और आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। उनकी समस्याओं को समझकर त्वरित समाधान करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन जनता के साथ मिलकर विकास की दिशा में तेजी से काम करेगा।

 

वहीं, निवर्तमान उपायुक्त समीरा एस ने अपने कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने टीम भावना के साथ काम करते हुए योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए उपायुक्त के नेतृत्व में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

 

इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। निवर्तमान उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने नव पदस्थापित उपायुक्त का स्वागत करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

पलामू में इस प्रशासनिक बदलाव के बाद अब सभी की नजर नए उपायुक्त की कार्यशैली और जिले के विकास को लेकर उनकी रणनीति पर टिकी हुई है।

 

संवाददाता: विकास कश्यप, पलामू

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *