धनबाद में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक खास और प्रेरणादायक आयोजन होने जा रहा है। इस बार मैदान पर उतरेंगे ऐसे खिलाड़ी, जो न सुन सकते हैं और न ही बोल सकते हैं, लेकिन उनके हौसले और खेल का जज़्बा किसी से कम नहीं है। झारखंड बधिर क्रिकेट संघ के तत्वावधान में भारत और नेपाल के बीच अंडर-19 मूक-बधिर खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, यह मैच 20 और 21 अप्रैल को जामाडोबा स्थित जयलगोरा स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, इसका फाइनल मुकाबला 22 अप्रैल को धनबाद के रेलवे स्टेडियम में आयोजित होगा। पहली बार कोयलांचल की धरती पर इस तरह का आयोजन हो रहा है, जिसे लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
आयोजन से जुड़े रवि शेखर ने बताया कि भारतीय टीम में देश के छह राज्यों के खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें दो खिलाड़ी झारखंड से हैं और उनमें से एक धनबाद का ही निवासी है। यह स्थानीय खिलाड़ियों के लिए गर्व का अवसर भी है।
टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। मैन ऑफ द मैच को 11 हजार रुपये नकद दिए जाएंगे, जबकि बेस्ट बॉलर, बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट फील्डर को 5-5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। धनबाद के डीसी और एसएसपी के सहयोग से खिलाड़ियों के लिए टी-शर्ट, ट्राउजर और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था की गई है। वहीं, झारखंड सरकार किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर भी इस आयोजन में सक्रिय योगदान दे रही हैं।
सुनैना किन्नर ने धनबाद के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने फाइनल मुकाबले के आयोजन में आर्थिक सहयोग देने की भी बात कही है।
यह आयोजन न सिर्फ खेल को बढ़ावा देगा, बल्कि समाज में समावेश और समान अवसर का एक मजबूत संदेश भी देगा।
