जामताड़ा में 25 और 26 अप्रैल को आयोजित होने वाले भव्य सामूहिक विवाह समारोह को लेकर तैयारियां अब जोर-शोर से चल रही हैं। गांधी मैदान में होने वाले इस बड़े आयोजन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। 51 कन्याओं के इस सामूहिक विवाह को ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजन समिति पूरी ताकत से जुटी हुई है।

 

इसी कड़ी में शनिवार को चयनित कन्याओं के बीच लहंगा और पीली साड़ी का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम के साथ ही सामूहिक विवाह समारोह का औपचारिक शुभारंभ भी कर दिया गया। आयोजन समिति के सदस्यों और नगर पंचायत अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से कन्याओं को विवाह सामग्री सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

 

कार्यक्रम में आयोजक तरुण कुमार गुप्ता, संयोजक राजा नित्य गोपाल सिंह, कार्यक्रम प्रभारी मोहनलाल बर्मन और नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए एक सराहनीय कदम बताया।

 

आयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 अप्रैल को मेहंदी रस्म का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी कन्याएं पीली साड़ी पहनकर शामिल होंगी। वहीं 26 अप्रैल को मुख्य विवाह समारोह संपन्न होगा, जिसमें सभी कन्याएं लहंगा पहनकर सात फेरे लेंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

 

उन्होंने यह भी बताया कि इस विशेष आयोजन में फिल्म अभिनेता चंकी पांडे भी शामिल होंगे और कन्याओं को आशीर्वाद देंगे, जिससे कार्यक्रम की शोभा और बढ़ेगी।

 

कार्यक्रम प्रभारी मोहनलाल बर्मन ने कहा कि लहंगा और साड़ी वितरण के साथ ही आयोजन की शुरुआत हो चुकी है और अब सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने जिलेवासियों और बुद्धिजीवियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुनीत कार्य के साक्षी बनें।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनकी बेटियों की शादी धूमधाम से हो, लेकिन कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण ऐसा नहीं कर पाते। ऐसे में यह आयोजन उनके लिए एक बड़ी राहत है।

 

फिलहाल जामताड़ा में इस सामूहिक विवाह को लेकर उत्साह चरम पर है और सभी की नजरें 25 और 26 अप्रैल को होने वाले इस भव्य आयोजन पर टिकी हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *