खबर बिहार के सहरसा से है, जहां इन दिनों चोरी की घटनाओं ने आम लोगों और व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के प्रशांत रोड का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

 

जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान के मुख्य दरवाजे से नहीं बल्कि छत को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। छत पर लगे एस्बेस्टर को काटकर दुकान में घुसे बदमाशों ने बड़ी ही सफाई से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी के बाद दुकान के अंदर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला, जिससे साफ है कि चोरों ने आराम से पूरी दुकान खंगाली।

 

दुकान के मालिक टून्डन कुमार ने बताया कि वे पिछले छह वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़े हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कई कीमती मोबाइल फोन गायब थे और सामान बिखरा पड़ा था।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

 

सबसे चिंताजनक बात यह है कि शहर में CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इससे साफ है कि चोरों को कानून का कोई डर नहीं रह गया है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक सहरसा में इस तरह चोरी की घटनाएं होती रहेंगी और पुलिस इन पर लगाम लगाने में कब तक सफल होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *