बिहार के सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार का कहर ऐसा बरपा कि एक 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान मनोरी वार्ड नंबर 6 निवासी बबलू राम के 16 वर्षीय पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था और वह नवमी कक्षा का छात्र था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह राजकुमार अपने छोटे भाई को स्कूल छोड़ने के लिए घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित मिडिल हाई स्कूल गया था। भाई को सुरक्षित स्कूल पहुंचाने के बाद वह पैदल ही वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान एनएच 107 मुख्य सड़क के किनारे चलते समय तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सोनवर्षा राज थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत हुई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई इस असमय हुई मौत से स्तब्ध है।
