बिहार के गया में एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी शादी के निमंत्रण कार्ड को सामाजिक जागरूकता का माध्यम बना दिया। बागेश्वरी संजय नगर निवासी रंजन कुमार, जो खुद को ‘पंछी प्रेमी’ कहते हैं, ने अपने भाई और चचेरी बहन की शादी के कार्ड पर पक्षियों के संरक्षण का भावुक संदेश छपवाया है।

कार्ड में मेहमानों से अपील की गई है कि इस भीषण गर्मी में वे अपने घरों और ऑफिस की छतों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करें। 20 अप्रैल को अंजलि और 21 अप्रैल को निरंजन की शादी है, और इस खास मौके को रंजन ने पर्यावरण जागरूकता से जोड़ दिया। उनका यह प्रयास अब चर्चा का विषय बन गया है और लोग इसकी जमकर सराहना कर रहे हैं।

रंजन बताते हैं कि वे वर्ष 2017 से पक्षियों के संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने रामशिला पहाड़ पर दर्जनों खुले पिंजरे लगाए हैं, जहां नियमित रूप से दाना-पानी रखा जाता है। धीरे-धीरे उनका यह अभियान घर-घर तक पहुंचने लगा है और अब कई युवा भी इसमें जुड़ रहे हैं।

उनका मानना है कि तेजी से हो रहे शहरीकरण, पेड़ों की कटाई, कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल और पानी की कमी के कारण गौरैया, मैना और कौवे जैसे पक्षी हमसे दूर होते जा रहे हैं। यह पर्यावरण के लिए गंभीर संकेत है।

रंजन बिना किसी आर्थिक सहायता के नि:स्वार्थ भाव से इस काम में जुटे हैं। उन्होंने मिट्टी के बर्तनों और टीन से बने खुले पिंजरों के जरिए पक्षियों के लिए सुरक्षित स्थान और भोजन की व्यवस्था की है। उनके प्रयासों से अब कई इलाकों में फिर से पक्षियों की चहचहाहट सुनाई देने लगी है।

रंजन की अपील है कि लोग केवल सराहना ही न करें, बल्कि अपने आसपास पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था भी करें। उनका मानना है कि अगर हर व्यक्ति थोड़ा प्रयास करे, तो पक्षियों की वापसी संभव है और पर्यावरण संतुलन भी बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *