सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र के कठदुम्मर पंचायत अंतर्गत कठदुम्मर गांव (वार्ड संख्या-7) में बुधवार शाम एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी रोशन सदा की पत्नी सोनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

 

परिजनों के अनुसार, सोनी की शादी महज एक साल पहले हुई थी। आरोप है कि पिछले तीन महीनों से ससुराल पक्ष के लोग बाइक की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने बताया कि सोनी चार बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी, जिससे परिवार की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। वहीं उसका पति मजदूरी के सिलसिले में गुजरात में रहकर काम करता है।

 

घटना की सूचना मिलते ही कनरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया है।

 

इस मामले में थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 

फिलहाल पुलिस गांव के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *