रील बनाने के दौरान कोसी बराज में गिरा युवक, घंटों बाद भी नहीं मिला सुराग; नेपाल से पहुंची NDRF टीम

कोसी बराज के डाउन स्ट्रीम में सोमवार की अहले सुबह करीब ढाई बजे रील बनाने के दौरान एक युवक तेज बहाव वाली कोसी नदी में गिरकर लापता हो गया। हादसा बराज के गेट संख्या 12 के समीप हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन पूरी रात खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह नेपाल से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।

 

Sponsored Advertisement

लापता युवक की पहचान अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के सुरसर निवासी करीब 30 वर्षीय संजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर संजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ कोसी बराज पहुंचा था। सभी श्रद्धालु कोसी नदी में स्नान कर जल लेकर शिवालय में जलाभिषेक करने की तैयारी में थे।

 

इसी दौरान संजीत दोस्तों के साथ बराज के गेट संख्या 12 के डाउन स्ट्रीम में रील बनाने लगा। रील बनाने के क्रम में अचानक उसका हाथ फिसल गया और वह तेज बहाव वाली नदी में जा गिरा। हादसे के समय बराज का गेट खुला हुआ बताया जा रहा है।

 

युवक के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने गेट संख्या 12 और 13 को बंद करने की मांग की। स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी नदी में काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

 

पूरी रात अभियान चलने के बाद सोमवार सुबह करीब आठ बजे नेपाल से एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने डाउन स्ट्रीम के संभावित इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। युवक के लापता होने के बाद उसके परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद बराज क्षेत्र में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच भी मायूसी का माहौल है।

 

संवाददाता : इन्द्रदेव जी

Related Posts

पटना एम्स की बड़ी उपलब्धि, पहली बार हुआ लिविंग डोनर लिवर ट्रांसप्लांट

पटना एम्स की बड़ी उपलब्धि, पहली बार हुआ लिविंग डोनर लिवर ट्रांसप्लांट

नितिन नबीन की टीम में बिहार के तीन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी, सिद्धार्थ शंभू बने राष्ट्रीय सचिव

नितिन नबीन की टीम में बिहार के तीन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी, सिद्धार्थ शंभू बने राष्ट्रीय सचिव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *