कटिहार: नोएडा के चर्चित महक अहमद हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी रमन राज का कनेक्शन अब कटिहार से जुड़ गया है। नोएडा पुलिस जिस आरोपी की तलाश में कटिहार पहुंची थी, उसे कटिहार पुलिस ने करीब 5 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब नोएडा पुलिस उसे अपने कब्जे में लेकर महक हत्याकांड के संबंध में पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है।
दरअसल, नोएडा के बरौला स्थित नेस्ट रेंटल पैनोरमा बिल्डिंग में 8 अगस्त की रात असम निवासी महक अहमद का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान कटिहार नगर थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी रमन राज का नाम सामने आया। बताया जा रहा है कि बीटेक डिग्रीधारी रमन उसी बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर किराए के कमरे में रहता था, जबकि महक अपनी सहेली के साथ वहां रहती थी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच दोस्ती थी।
महक का शव रमन के कमरे से बरामद होने के बाद वह वहां से फरार हो गया था। इसके बाद नोएडा पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच में रमन का संबंध कटिहार से सामने आने पर नोएडा पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए यहां पहुंची।
इसी दौरान कटिहार पुलिस ने रमन राज को करीब 5 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। शराब बरामदगी के मामले में उसे जेल भेज दिया गया। कटिहार डीएसपी विशाल आनंद के मुताबिक, महक हत्याकांड में रमन का नाम सामने आया है और अब नोएडा पुलिस उसकी कस्टडी लेने की प्रक्रिया में जुटी है।
फिलहाल रमन की गिरफ्तारी के बाद कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। महक की मौत कैसे हुई, रमन की भूमिका क्या थी और वह नोएडा से कटिहार कैसे पहुंचा—इन सभी बिंदुओं पर नोएडा पुलिस पूछताछ करेगी। अब दोनों राज्यों की पुलिस की कार्रवाई से इस चर्चित हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ने की उम्मीद है।






