सारण की मोनी कुमारी ने रचा इतिहास, यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस फतह

सारण: बिहार की बेटी और सारण की बहू मोनी कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और साहस के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिहार ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत मोनी कुमारी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस, जिसकी ऊंचाई 5,643 मीटर है, को सफलतापूर्वक फतह कर बिहार और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने 14 अगस्त 2026 की सुबह शिखर पर तिरंगा फहराया।

मोनी कुमारी ने 10 अगस्त से माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के दौरान उन्हें बेहद ठंड, तेज हवाओं, बर्फबारी, कम ऑक्सीजन और बर्फ से ढके मुश्किल रास्तों जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पर्वत पर मौसम लगातार खराब हो रहा था। ऐसे में 15 अगस्त को शिखर आरोहण की योजना के बजाय उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक दिन पहले ही समिट पूरा कर लिया।

Sponsored Advertisement

यह मोनी कुमारी की दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण उपलब्धि है। इससे पहले दिसंबर 2025 में उन्होंने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण किया था। वह बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स यानी BMC भी पूरा कर चुकी हैं।

मोनी कुमारी मूल रूप से आरा की रहने वाली हैं और सारण जिले के ईशुआपुर प्रखंड के दात्रा परसौली निवासी विनोद कुमार सिंह की बहू हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पति आशीष कुमार पंज, माता-पिता और सास-ससुर के लगातार सहयोग और प्रोत्साहन को दिया।

मोनी कुमारी का कहना है कि परिवार के सहयोग ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए हमेशा प्रेरित किया। उन्होंने पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपने आगामी सपनों को पूरा करने के लिए बिहार सरकार से सहयोग और प्रोत्साहन की उम्मीद जताई है।

बैंकिंग की जिम्मेदारियों के साथ पर्वतारोहण में लगातार सफलता हासिल कर मोनी कुमारी ने बिहार की बेटियों और युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।

Related Posts

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा भागलपुर, तीसरी सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा भागलपुर, तीसरी सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी पर अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी पर अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *