मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ धाम में तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के विशेष संयोग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उत्तर बिहार के देवघर कहे जाने वाले इस प्रसिद्ध मंदिर में सुबह से ही कांवरियों और स्थानीय भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्ग भी श्रद्धालुओं की भीड़ से पटे नजर आए।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, अब तक 6.5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक कर चुके हैं। तीसरी सोमवारी के साथ नाग पंचमी का संयोग कई वर्षों बाद बनने से भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर प्रशासन का दावा है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, 3200 से अधिक सेवादल सदस्य श्रद्धालुओं और कांवरियों की सेवा में जुटे हैं।
मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, सोमवार रात आठ बजे तक स्थानीय श्रद्धालुओं और कांवरियों के जलाभिषेक की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद बाबा गरीबनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
मंदिर के पुजारी अभिषेक पाठक ने बताया कि तीसरी सोमवारी पर इस बार रिकॉर्ड संख्या में भक्त बाबा के दरबार पहुंचे हैं। नाग पंचमी और सोमवारी के विशेष संयोग ने श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ा दिया है।
भारी भीड़ को देखते हुए एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शहर के कई महत्वपूर्ण रूट डायवर्ट किए गए हैं।
वहीं, डीएम कुमार गौरव खुद पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद जलाभिषेक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।






