जामताड़ा मिहिजाम थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को विदेशी शराब की खेप के साथ बिहार के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई मिहिजाम स्टेशन रोड स्थित गेट संख्या-1 के पास की गई।
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड के गेट संख्या-1 के पास दो संदिग्ध युवक बैग लेकर खड़े हैं। दोनों के शराब की तस्करी में शामिल होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जब उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम राजा कुमार और विष्णु पंडित बताया। पुलिस के अनुसार, दोनों बिहार के रहने वाले हैं और कथित तौर पर अवैध तरीके से शराब की खेप लेकर मिहिजाम क्षेत्र में उसे खपाने पहुंचे थे।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। मामले में मिहिजाम थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गुरुवार को ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे मिहिजाम में किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि मिहिजाम क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा





