पटना खगौल थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी से लापता 10वीं कक्षा की छात्रा को पुलिस ने 36 घंटे के अंदर बुधवार को सुरक्षित बरामद कर लिया। छात्रा के लापता होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर दानापुर एएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान छात्रा को पटना जंक्शन से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त की सुबह करीब साढ़े सात बजे छात्रा के चाचा उसे बाइक से स्कूल छोड़ने गए थे। स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा के दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच दानापुर स्टेशन के पास रेलवे पटरी पर छात्रा का स्कूल ड्रेस और बैग मिलने से मामला और गंभीर हो गया। सामान मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने छात्रा की जल्द बरामदगी की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने दानापुर एएसपी की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ छात्रा के संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि छात्रा इंस्टाग्राम के जरिए आसनसोल निवासी विशाल कुमार से कई बार बातचीत कर चुकी थी।
इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर नजर रखनी शुरू की और तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। लगातार कार्रवाई और सुरागों के आधार पर पुलिस टीम पटना जंक्शन तक पहुंची, जहां से छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, छात्रा विशाल कुमार के बहकावे में उसके साथ चली गई थी। पुलिस के पीछा करने पर युवक छात्रा को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अब फरार युवक की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, छात्रा की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। सड़क जाम कर प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।






