बिहार के मसौढ़ी में लोक आस्था का महापर्व चैती छठ के दौरान सनसनीखेज घटना सामने आई। हसनपुरा स्थित श्री विष्णु सूर्य मंदिर के सचिव आजाद कुमार उर्फ चंदन को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल आजाद कुमार को तत्काल पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु चैती छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान के तहत अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लाल टी-शर्ट पहने एक युवक अचानक वहां पहुंचा और मंदिर सचिव को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनकी कमर के निचले हिस्से में लगी।
जब ग्रामीणों ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने हवाई फायरिंग कर डर फैलाया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घायल आजाद कुमार पटना के लोदीपुर डाकघर में डाकपाल के पद पर कार्यरत हैं। वे रिटायर्ड दरोगा रामप्रवेश पासवान के बेटे हैं। छठ पूजा के अवसर पर मंदिर में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ही आजाद कुमार इस हमले का शिकार हुए।
मसौढ़ी थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “मंदिर परिसर में एक युवक को गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जांच जारी है।”
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस हिंसक वारदात से सकते में हैं। पुलिस लगातार जांच कर रही है और हमलावर को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।
चैती छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
