भागलपुर के पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से जड़ जमा चुके अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। शेरमारी बाजार से लेकर हॉस्पिटल मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
इस अभियान के दौरान दर्जनों अस्थायी और स्थायी दुकानें, ठेला-खोमचा और कुछ अवैध निर्माण को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से सड़क के दोनों किनारों पर फैले अतिक्रमण को साफ किया गया, जिससे मुख्य मार्ग काफी हद तक चौड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके में कई वर्षों से अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा था। सड़क के किनारे दुकानें फैलने और अवैध निर्माण के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया था। इसके चलते रोजाना लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता था। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।
स्कूली बच्चों, मरीजों और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि प्रशासन को लगातार अतिक्रमण और जाम की शिकायतें मिल रही थीं। कई बार पूर्व में अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन जब कोई असर नहीं हुआ, तब यह सख्त कदम उठाया गया।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था अब सुगम होगी और लोगों को जाम से निजात मिलेगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान नोडल पदाधिकारी के रूप में शिक्षा पदाधिकारी नीलेश कुमार मौजूद रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीरपैंती थाना की पुलिस बल को तैनात किया गया था, जिससे पूरे अभियान के दौरान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
