मोतिहारी से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां छतौनी थाना क्षेत्र में एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी पर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पीड़ित कार्तिक सिंह ने छतौनी थाना में आवेदन देकर कई लोगों पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने स्कॉर्पियो गाड़ी की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान एफएसएल टीम को गाड़ी से गोली के कुछ टुकड़े भी बरामद हुए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि होती है।

 

पीड़ित कार्तिक सिंह ने प्रियरंजन शर्मा, डॉ. धीरज कुमार और प्रणव कुमार पर फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष के प्रियरंजन शर्मा ने भी छतौनी थाना में आवेदन देकर खुद को निर्दोष बताते हुए इस पूरे मामले को जमीनी विवाद में फंसाने की साजिश बताया है।

 

पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ दिलीप कुमार ने आरोपी प्रियरंजन शर्मा के दो लाइसेंसी राइफल को जब्त कर लिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश और जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही गाली-गलौज और विवाद की स्थिति रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

 

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *