पटना से बड़ी खबर है, जहां नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विभाग के 100 दिनों के कामकाज और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन” सरकार लगातार विकास की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि अब नगर निकायों में सशक्त स्थाई समिति का गठन पार्षदों के वोट से किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज किया गया है और सिर्फ रजिस्टर्ड होर्डिंग ही मान्य होंगे। डस्टबिन खरीद में अनियमितता की जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में अवैध मांस बिक्री पर पूरी तरह रोक लगेगी और बिना लाइसेंस कोई भी मीट शॉप संचालित नहीं होगी। बिल्डिंग बायलॉज में संशोधन कर नया ढांचा तैयार किया जाएगा और सभी नक्शे अब डिजिटल तरीके से पास होंगे।
मानसून से पहले विभाग व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा, जहां लोग नाले जाम या अतिक्रमण की शिकायत कर सकेंगे। सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को स्थाई मोबाइल नंबर दिए जाएंगे। स्वच्छता को लेकर मॉनिटरिंग कमिटी बनाई जाएगी।
अवैध पार्किंग वसूली पर रोक लगेगी और सभी पार्किंग स्थलों पर रेट चार्ट अनिवार्य होगा। पटना मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है, मलाही पकड़ी परियोजना लगभग पूरी है और बिहार म्यूजियम से पटना म्यूजियम के बीच सबवे निर्माण शुरू हो गया है।
राज्य में 11 नए टाउनशिप विकसित किए जाएंगे, जिन्हें प्लांड और ग्रीन सिटी के रूप में तैयार किया जाएगा। सभी नगर निकायों का ऑडिट अब Comptroller and Auditor General of India (CAG) द्वारा किया जाएगा।
