जामताड़ा में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने 60 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। यह कार्यक्रम उपायुक्त कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां जिले के विभिन्न इलाकों से लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे।
जनता दरबार में नगर परिषद मिहिजाम के आठ सीआरपी कर्मियों ने 15 महीने से मानदेय नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। इस पर उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी से जानकारी मांगी और जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं एक व्यक्ति ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की शिकायत की। उपायुक्त ने इस मामले की जांच के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देशित किया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एक महिला ने अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत की, जबकि उनके घर में बिजली की खपत बहुत कम है। इस पर उपायुक्त ने विद्युत विभाग को बिल सुधारने और जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
इसके अलावा चापाकल मरम्मत, राशन नहीं मिलने, मइया सम्मान योजना और आवास योजना से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बताया कि हर मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी झिझक अपनी समस्याएं लेकर जनता दरबार में पहुंचें।
रिपोर्ट: संतोष कुमार
