सहरसा नगर निगम में पहली बार सहरसा विधायक आईपी गुप्ता की उपस्थिति में सशक्त कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक आईपी गुप्ता के साथ नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, मेयर प्रिया गुड्डू हयात, उप नगर आयुक्त सहित नगर निगम के सभी 46 वार्डों के नगर पार्षद एवं उनके प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक के दौरान वर्ष 2026-27 के नगर निगम बजट को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक आईपी गुप्ता ने कहा कि वह पहली बार नगर निगम के बजट प्रक्रिया में शामिल हुए हैं और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव जोड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर में रूफटॉप वायरिंग और बिजली के नंगे तारों को हटाने का विजन बजट में शामिल करने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा शहर में जलजमाव (वाटर लॉगिंग) की समस्या को दूर करने के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

विधायक ने ऑटो चालकों के लिए नई व्यवस्था का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि एक ट्रिप या प्रतिदिन के आधार पर निर्धारित शुल्क की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। वहीं स्लम बस्तियों के पुनर्वास को लेकर भी नगर आयुक्त को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि लगभग 700 से 800 लोगों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में फुटकर विक्रेताओं की समस्याओं और उनके लिए सुविधाजनक व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा की गई।

नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए करीब एक हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि लगभग 200 से 300 पन्नों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के साथ विकास योजनाओं का पूरा विवरण सरकार को सौंपा गया है। सरकार से प्राप्त बजट के अनुसार शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक को सहरसा शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *