सहरसा: जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चपराव गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दो दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव उसके घर के सामने स्थित पोखर में तैरता हुआ मिला। इस दर्दनाक दृश्य को देख परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

मृतक किशोर की पहचान चपराव गांव निवासी भूपेन सादा के पुत्र शिवधन कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं इस घटना का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण उसके 65 वर्षीय दादा बंगाली सादा की भी मौत हो गई। कुछ ही घंटों के अंतराल पर एक ही परिवार में दो मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

 

जानकारी के अनुसार, शिवधन कुमार बीते रविवार की सुबह करीब 10:45 बजे घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने बलवाहाट थाना में किशोर की बरामदगी को लेकर लिखित आवेदन दिया था।

 

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर के समीप स्थित पोखर में एक शव तैरता देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह लापता शिवधन कुमार का निकला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

इधर, पोते के लापता होने के बाद से ही दादा बंगाली सादा की तबीयत खराब चल रही थी। मंगलवार को जैसे ही उन्हें पोते के मिलने की खबर मिली, वे गहरे सदमे में आ गए और उनकी भी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी, मुन्ना भगत, पंसस परितोष कुमार अंशु और अन्य जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। स्थानीय विधायक संजय सिंह ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

 

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *