भागलपुर जिले में एक गेस्ट फैकल्टी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो खरीक थाना क्षेत्र के अंबो गांव का निवासी था और टीएनबी कॉलेज में गेस्ट फैकल्टी के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार पिछले लगभग तीन वर्षों से विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परवती इलाके में एक किराए के मकान में रह रहा था। मकान मालिक प्रदीप कुमार मंडल ने बताया कि राकेश अधिकतर समय अपने कमरे में रहकर पढ़ाई और शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त रहता था और कम ही बाहर निकलता था।
घटना के दिन उसकी सलहज ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि वह लगातार राकेश को कॉल कर रही है, लेकिन वह फोन रिसीव नहीं कर रहा है। इसके बाद मकान मालिक जब उसके कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दरवाजा खोला गया।
दरवाजा खुलने के बाद राकेश कुमार को कमरे के अंदर मृत अवस्था में पाया गया। कमरे में उल्टी के निशान भी मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत किसी बीमारी या अन्य संदिग्ध कारण से हुई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं परिजन भी इस घटना से सदमे में हैं।
