पटना से खबर है, जहां बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने गांधी मैदान में लगे जीविका स्टॉल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया और विकास के मुद्दे पर सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं

राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने जीविका स्टॉल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने जीविका योजना की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि यह पहल बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन चुकी है।

 

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे बिहार छोड़ रहे हैं। वे लगातार बिहार के विकास में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।

 

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई दिशा हासिल की है और “नीतीश मॉडल” को देशभर में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि जीविका के जरिए राज्य के करीब 1 करोड़ 50 लाख परिवारों तक पहुंच बनाई गई है, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिला है और पलायन में कमी आने की उम्मीद है।

 

उन्होंने आगे कहा कि आत्मनिर्भर बिहार का सपना जीविका दीदियों के माध्यम से साकार हो रहा है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर राज्य के विकास को गति दी जा रही है। यह मॉडल आने वाले समय में भी जारी रहेगा और इसे और विस्तार दिया जाएगा।

 

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार की राजनीति और विकास की दिशा में “नीतीश मॉडल” ही मार्गदर्शक बना रहेगा। उन्होंने कहा कि चाहे मुख्यमंत्री कोई भी हो, लेकिन विकास की सोच और नीति इसी मॉडल पर आधारित रहेगी।

जीविका स्टॉल के उद्घाटन के साथ ही सरकार ने एक बार फिर ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है। अब देखना होगा कि इस पहल से राज्य में रोजगार और आत्मनिर्भरता को कितना बढ़ावा मिलता है।

रिपोर्ट (सुरजीत कुमार):

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *