मेहरमा और ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को विकास की नई मिठास घुली। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने यहां कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं के तहत नाला जीर्णोद्धार, चेक डैम निर्माण, बीयर निर्माण और पोखर जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

मेहरमा प्रखंड के सीमानपुर पंचायत अंतर्गत खिरौंधी गांव में लकड़मारा दाह से खिरौंधी तक नाला जीर्णोद्धार और हेड रेगुलेटर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। वहीं, मड़पा पंचायत में नाला निर्माण तथा बास्कीकित्ता बड़की बांध में बीयर निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ।

 

ठाकुरगंगटी प्रखंड के फुलवरिया पंचायत के रतनपुर गांव में नदी पर चेक डैम निर्माण, बनियाडीह पंचायत के श्मशान घाट के समीप कौआ नदी पर चेक डैम, बोरिया में बीयर निर्माण, पंजराडीह पंचायत के मुकेरीचक में कौआ नदी पर चेक डैम और विशनपुर गांव में पोखर जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत की गई।

 

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, मेहरमा प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार, ठाकुरगंगटी प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार, मेहरमा दक्षिणी जिला परिषद सदस्य कदमी देवी, मंत्री प्रतिनिधि विपीन बिहारी सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष याहया सिद्दीकी, मेहरमा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनिंद्र कुमार सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, ठाकुरगंगटी कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दीपक मुर्मू, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष नरेंद्र शेखर आजाद, युवा कांग्रेस नेता कुंदन पासवान, अंकेश तिवारी, निर्मल कुमार चौधरी, बमबम कुमार सहित महागठबंधन के कई कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे खेती और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास तेज़ी से होगा और स्थानीय लोगों को रोज़गार व संसाधनों का सीधा लाभ मिलेगा।

 

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार ग्रामीण विकास और किसानों के हितों को प्राथमिकता देती रहेगी और समय-समय पर ऐसे योजनाओं का विस्तार किया जाएगा।

 

इस अवसर पर ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद का माहौल दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में विकास की नई गति का संदेश मिला।

झारखंड गोड्डा संवाददाता, आनंद कुमार मिश्रा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *