मुंगेर जिले की बेटी अन्नु नीरज ने एक बार फिर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अन्नु ने ऑल इंडिया में 89वां रैंक हासिल किया है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
दरअसल, मुंगेर के लालदरवाजा गीताबाबू रोड निवासी निरंजन कुमार नीरज और गृहिणी रीता दयाल की पुत्री अन्नु नीरज ने 840 अंक प्राप्त कर पूरे देश में 89वां स्थान हासिल किया। अन्नु की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता और पूरे परिवार में गर्व का माहौल है।
GATE परीक्षा राष्ट्रीय स्तर की मानी जाती है, जिसमें इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, साइंस, आर्किटेक्चर और ह्यूमैनिटीज के छात्रों का ज्ञान और समझ का आकलन किया जाता है। यह परीक्षा Indian Institutes of Technology (IITs) और Indian Institute of Science (IISc) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में मास्टर और पीएचडी में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा, सरकारी पब्लिक सेक्टर यूनिट्स (PSUs) में नौकरी और लगभग 12,400 रुपये मासिक छात्रवृत्ति का मार्ग भी खुलता है।
अन्नु नीरज ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंगेर से पूरी की। साल 2021 में बीटेक और 2023 में एमटेक पूरा करने के बाद उन्होंने GATE परीक्षा में सफलता पाकर अपने सपनों को नई उड़ान दी। मीडिया से बातचीत में अन्नु ने कहा कि इस सफलता का श्रेय उन्हें अपने माता-पिता और शिक्षकों को देना है, जिनके मार्गदर्शन से वह यहां तक पहुंची हैं। उनका अगला लक्ष्य सरकारी पब्लिक सेक्टर यूनिट में नौकरी कर देश की सेवा करना है।
अन्नु की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में उत्साह और गर्व का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दे रहे हैं। उनकी मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया कि अगर ईमानदारी और समर्पण हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं है।
मुंगेर की यह होनहार बेटी न केवल जिले का नाम रोशन कर रही है, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है।
