बिहार के पटोरी से मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विशेष कार्य बल यानी नारकोटिक्स सेल और मद्य निषेध एवं राज्य उत्पाद विभाग, पटना की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह छापेमारी कर एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 6 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम को सुबह करीब 8:45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक संगठित गिरोह के सदस्य, जिनमें एक महिला भी शामिल है, हेरोइन की खेप लेकर पटोरी रेलवे स्टेशन से उतरकर महनार की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और प्रखंड विकास पदाधिकारी, पटोरी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

 

टीम ने पटोरी स्टेशन के बाहर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक और एक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान राहुल कुमार, उम्र 26 वर्ष, निवासी लावापुर हरनारायण, थाना महनार, जिला वैशाली के रूप में बताई। वहीं महिला ने अपना नाम शांति देवी, निवासी कामाख्या गेट, थाना फटासिल अंबारी, जिला कामरूप मेट्रो, असम बताया।

 

तलाशी के दौरान दोनों के पास से 4 साबुनदानों में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद की गई। यह मादक पदार्थ पॉलिथीन में पैक था और सफेद व नारंगी रंग के मिश्रित पाउडर के रूप में मिला, जिसे स्थानीय स्तर पर “कोटा” कहा जाता है। जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।

 

पुलिस ने मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर सभी बरामद सामान को कब्जे में ले लिया। इस मामले में पटोरी थाना कांड संख्या 74/26, दिनांक 21 मार्च 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

 

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पूर्वोत्तर राज्यों से मादक पदार्थों की तस्करी करता है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *