भुरकुंडा में गुरुद्वारा साहिब का दूसरा सालगिरह समागम बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर राज्य के कोने-कोने से सिख धर्म के लोग पहुंचकर इस विशाल समागम में शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं में काफी उत्साह नजर आया।
समागम के दौरान गुरुवाणी का पाठ, भजन-कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और सेवा भावना की झलक साफ देखने को मिली।
गुरुद्वारा कमेटी की ओर से भुरकुंडा के काली मंदिर मैदान में विशाल लंगर का आयोजन किया गया। इस लंगर में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। खास बात यह रही कि इसमें सभी धर्म और समुदाय के लोग शामिल हुए, जिससे आपसी भाईचारे और एकता का संदेश मिला। सेवा में लगे लोगों ने पूरे समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की।
इस अवसर पर बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस तरह के समागम से खासकर सिख समुदाय में सेवा की भावना और मजबूत होती है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए सिख समुदाय के लोगों का दिल से आभार व्यक्त किया।
यह समागम न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकजुटता और सौहार्द का भी संदेश देने में सफल रहा।
