बिहार की सियासत में इन दिनों एक नया चेहरा तेजी से सक्रिय होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जेडीयू में शामिल होने के बाद लगातार एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। पार्टी जॉइन करने के बाद से ही वे वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से लगातार मुलाकात कर संगठन को समझने में जुटे हैं।
इसी कड़ी में निशांत कुमार ने केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक काफी अहम और गोपनीय मानी जा रही है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मौजूदा राजनीतिक हालात और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बताया जा रहा है कि निशांत कुमार अपने पिता के 20 साल के कार्यकाल को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ राजनीति में कदम रख चुके हैं। वे लगातार अनुभवी नेताओं से मार्गदर्शन ले रहे हैं, ताकि अपनी नई राजनीतिक पारी को मजबूती से शुरू कर सकें। ललन सिंह, जो नीतीश कुमार के करीबी और पुराने सहयोगी रहे हैं, निशांत को राजनीति की बारीकियां समझा रहे हैं।
8 मार्च को जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद से निशांत ने कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। उन्होंने संजय झा और अन्य नेताओं के साथ बैठक की, वहीं पुराने सहयोगी अरुण कुमार से भी मुलाकात कर राजनीतिक अनुभव साझा किया।
निशांत कुमार आने वाले समय में बिहार दौरे की तैयारी में हैं। इससे पहले वे विधायकों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं। हाल ही में जेडीयू की इफ्तार पार्टी में भी उनकी सक्रियता देखी गई, जहां उन्होंने मुस्लिम नेताओं से संवाद किया।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि आने वाले समय में जेडीयू संगठन और सरकार दोनों में युवा चेहरों को मौका मिल सकता है। ऐसे में निशांत कुमार की भूमिका अहम मानी जा रही है। युवा विधायकों का समर्थन भी उन्हें मिल रहा है, जो उनकी आगामी यात्रा में साथ नजर आएंगे।
कुल मिलाकर, निशांत कुमार की सक्रियता यह संकेत दे रही है कि बिहार की राजनीति में एक नई पीढ़ी अपनी जगह बनाने की तैयारी में है।
