#सहरसा
सहरसा जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव सह टेबल टेनिस के सीनियर स्टेट कोच रोशन सिंह धोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सहरसा के युवा खिलाड़ी हिमांशु का चयन 22 से 26 मार्च 2026 तक गुजरात के गांधीधाम में आयोजित होने वाली 87वीं अंतर राज्य सब-जूनियर एवं कैडेट राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस प्रतियोगिता में हिमांशु बिहार की ओर से अंडर-13 एवं अंडर-15 वर्ग में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सहरसा इंडोर स्टेडियम में पिछले तीन वर्षों से नियमित अभ्यास कर रहे डीएवी पब्लिक स्कूल सहरसा के वर्ग अष्टम के छात्र हिमांशु एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। मात्र 13 वर्ष की आयु में ही वे बिहार का लगभग आधा दर्जन बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जो जिले के लिए गौरव की बात है।
हिमांशु की सफलता के पीछे डीएवी पब्लिक स्कूल के शारीरिक शिक्षक एवं बिहार जूनियर टेबल टेनिस टीम के पूर्व कोच चिंटू चंदन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन में हिमांशु लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।रोशन सिंह धोनी ने बताया कि सहरसा में लगभग दर्जन भर खेल तेजी से विकसित हो रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” नीति से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा आई है और विभिन्न खेल संघों के प्रयास से जिले में खेल का सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है।
हिमांशु के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन पर जिला खेल पदाधिकारी वैभव कुमार सहित जिला टेबल टेनिस संघ, हॉकी संघ, खो-खो संघ, तैराकी संघ, हैंडबॉल संघ, साइकलिंग संघ, योग संघ, बॉल बैडमिंटन संघ, फुटबॉल संघ, बैडमिंटन संघ, कबड्डी संघ एवं क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर श्री धोनी ने कहा कि खेल ही एक ऐसा माध्यम है, जो बच्चों को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रख सकता है। उन्होंने “खेलता सहरसा, आगे बढ़ता सहरसा” के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।इस आशय की जानकारी जिला टेबल टेनिस संघ सहरसा के अध्यक्ष रोशन सिंह धोनी ने दी।
