भागलपुर में विक्रमशिला सेतु को लेकर फैली अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों को आश्वस्त किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है। दरअसल, हाल ही में सेतु के नीचे एक फॉल्स दीवार के नदी में गिरने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने पुल निर्माण निगम के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंचकर सेतु का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल के मुख्य ढांचे में किसी भी प्रकार की क्षति या डिफॉल्ट नहीं पाया गया है।

 

एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी रूप से फॉल्स दीवार बनाई जाती है। यह दीवार पुल का स्थायी हिस्सा नहीं होती है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इन दीवारों को हटाया जाना था, लेकिन कुछ दीवारें उस समय नहीं हटाई जा सकीं। उन्हीं में से एक जर्जर हो चुकी दीवार अब टूटकर नदी में गिर गई है।

 

उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा है और इससे पुल की मजबूती पर कोई असर नहीं पड़ा है। जल्द ही बची हुई ऐसी सभी अस्थायी दीवारों को भी तोड़कर हटा दिया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

एसडीओ ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर यह खबर चलाई जा रही थी कि विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 19 को नुकसान पहुंचा है, जो पूरी तरह भ्रामक और गलत है।

 

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। कुल मिलाकर, प्रशासन की इस स्पष्टता के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है और सेतु की सुरक्षा को लेकर फैली चिंता खत्म होती नजर आ रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *