भागलपुर जिले के नाथनगर से ईद-उल-फितर के मौके पर आस्था, उत्साह और भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई। रिमझिम बारिश के बीच कर्णगढ़ ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ नमाज़ अदा की। सुबह करीब 8 बजे हल्की बूंदाबांदी के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
कर्णगढ़ ईदगाह मैदान में नाथनगर और आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में अकीदतमंद पहुंचे थे। बारिश की फुहारों के बीच भी इबादत का जज़्बा देखने लायक था। लोगों ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ नमाज़ अदा की और मुल्क में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।
त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। ईदगाह मैदान और उसके आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। नाथनगर के मुस्लिम बहुल इलाकों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
खास बात यह रही कि वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी लगातार इलाके में गश्त करते नजर आए, जिससे हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सके। भागलपुर जिला के वरीय पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते नजर आए।
नमाज़ के बाद पूरे इलाके में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे, प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। बच्चे और युवा भी इस मौके पर खासे उत्साहित नजर आए।
कुल मिलाकर, हल्की बारिश के बीच नाथनगर में ईद का यह पर्व पूरी आस्था, शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ, जिसने एक बार फिर सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल पेश की।
