बिहार में शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकारी स्कूलों में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया है।
बिहार में जल्द ही 45 हजार नए शिक्षकों की बहाली की जाएगी। यह भर्ती बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC के माध्यम से TRE-4, यानी शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण के तहत होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान अररिया, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा और खगड़िया में जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह महत्वपूर्ण घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र को लगातार मजबूत करने के लिए काम कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और अब इस नई बहाली से स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात और बेहतर होगा। इससे न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा, बल्कि बच्चों को बेहतर माहौल भी मिलेगा।
इस बीच, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने भी विधानसभा में इस योजना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने 45 हजार सामान्य शिक्षकों के पदों के लिए BPSC को अधियाचना भेज दी है। ये नियुक्तियां कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के लिए होंगी।
खास बात यह है कि सरकार ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा पर भी ध्यान दिया है। इसके तहत 7 हजार विशेष शिक्षकों के पद भी स्वीकृत किए गए हैं। इस तरह कुल बहाली की संख्या करीब 52 हजार तक पहुंच सकती है, हालांकि मुख्य फोकस 45 हजार सामान्य शिक्षकों की नियुक्ति पर रहेगा।
सरकार के इस फैसले से जहां लाखों युवाओं को रोजगार का मौका मिलेगा, वहीं बिहार की शिक्षा व्यवस्था को भी एक नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
