राजधानी पटना के मसौढ़ी इलाके से एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां चोरों ने आस्था के केंद्र पर ही हाथ साफ कर दिया। शाहाबाद पंचायत के छाता गांव स्थित ऐतिहासिक राम-जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर से अज्ञात चोरों ने बीती रात करोड़ों रुपये मूल्य की अष्टधातु की मूर्तियां चुरा लीं। बताया जा रहा है कि ये मूर्तियां करीब 100 साल पुरानी थीं और उनका कुल वजन लगभग 45 किलो था।

जानकारी के अनुसार, चोर देर रात मंदिर परिसर में दाखिल हुए और गर्भगृह का ताला तोड़कर भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की कीमती मूर्तियां अपने साथ ले गए। मंदिर कमेटी के सचिव मुनदेव सिंह के बयान पर मसौढ़ी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन मूर्तियों की बाजार कीमत करीब 7 से 8 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

हैरानी की बात यह रही कि चोरी के वक्त मंदिर की महिला पुजारी बगल के कमरे में सो रही थीं, लेकिन उन्हें किसी तरह की कोई आहट नहीं हुई। सुबह जब उनकी नींद खुली तो मंदिर का दरवाजा खुला पाया गया। अंदर जाकर देखा तो तीनों मूर्तियां गायब थीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत गांव वालों को सूचना दी।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और आक्रोश जाहिर किया। स्थानीय लोगों ने इसे आस्था पर गहरी चोट बताते हुए जल्द से जल्द मूर्तियों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

सूचना मिलने के बाद मसौढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत इकट्ठा कर रही है।

पंचायत के मुखिया रवि प्रकाश के अनुसार, यह मंदिर 1935 में स्थापित किया गया था और इलाके में काफी प्रसिद्ध है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *