भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत में मंगलवार को ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभा स्थल पर प्रवेश से पहले लोगों की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जा रही थी, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित नजर आया।
कार्यक्रम में जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं, यानी ‘जीविका दीदियों’ की भारी भागीदारी देखने को मिली। हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं ने पूरे माहौल को उत्साह और जोश से भर दिया। मुख्यमंत्री के समर्थन में लगाए जा रहे नारों से सभा स्थल गूंज उठा।
मुख्यमंत्री सबसे पहले हवाई अड्डा पहुंचे, जहां से उन्होंने बौसी रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया। इसके बाद बैजानी पंचायत पहुंचकर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह मंडप का शिलान्यास किया और क्षेत्र में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं का जायजा लिया।
बैजानी के सभा स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने ‘प्रगति यात्रा’ के संकल्प का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वरीय अधिकारियों के साथ जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की और आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भागलपुर जिले को बड़ी सौगात देते हुए 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने वर्ष 2005 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हालात अच्छे नहीं थे और कब्रिस्तान की घेराबंदी को लेकर विवाद होते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिहार में स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। महिलाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं और सड़कों की हालत में भी काफी सुधार हुआ है। उन्होंने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
