सहरसा पुलिस ने एक बार फिर तत्परता दिखाते हुए बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही नाकाम कर दिया है। सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नया टोला वार्ड नंबर-01 स्थित एक दुकान के पास कुछ संदिग्ध लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान दिलखुश कुमार उर्फ गब्बर और गोविंद कुमार सिंह उर्फ बुक्कन सिंह के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दिलखुश कुमार के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ, जबकि गोविंद कुमार सिंह के पास से एक जिंदा कारतूस और एक मिसफायर कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, 6,500 रुपये नकद और एक पर्स भी जब्त किया है।
इस संबंध में सिमरी बख्तियारपुर थाना कांड संख्या-85/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस सफल अभियान में थाना अध्यक्ष अमरनाथ कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार सिंह, अवर निरीक्षक स्वीटी कुमारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। सहरसा पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
