खरीक थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित पति ने रविवार दोपहर खरीक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।


आवेदन में पति ने बताया कि शनिवार की रात करीब आठ बजे जब वह बाजार से अपने घर लौटा, तो उसकी पत्नी घर में नहीं थी। घर के कमरे में रखा बक्सा टूटा हुआ था और उसमें रखे जेवरात, करीब 20 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान गायब थे। घर में मौजूद तीनों बच्चे रो रहे थे। जब उनसे पूछताछ की गई, तो बच्चों ने बताया कि उनकी मां सारा सामान लेकर पड़ोस के रहने वाले कृष्णा गुप्ता उर्फ नट्टा के साथ चली गई है।


पति ने जब इस मामले को लेकर आरोपी के घर जाकर पूछताछ की, तो वहां मौजूद कृष्णा गुप्ता के परिजनों—चाचा रमन कुमार, मां शांति देवी सहित अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए केस के जांच अधिकारी मो. नसीम अंसारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरीक बाजार से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही महिला को भी बरामद कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है, ताकि सभी तथ्यों का खुलासा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *