सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में हुई युवती हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के कारण की गई थी।

 

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 मार्च 2026 को सलखुआ थाना क्षेत्र में एक युवती का शव बरामद होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही सहरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

 

इस मामले में सलखुआ थाना कांड संख्या 40/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

 

गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में 15 मार्च 2026 को मुख्य आरोपी भूषण यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया वार्ड संख्या-03 निवासी भूषण यादव के रूप में हुई है, जो फतीनग यादव का पुत्र बताया जा रहा है।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही और उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त संभावित हथियार देसी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है। बरामद हथियार को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए विधिवत बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

 

प्रारंभिक अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि आरोपी और मृतका के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था, जो इस हत्या की वजह बना।

 

इस पूरे मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। सहरसा पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

इस कार्रवाई में सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर, पुलिस निरीक्षक सुजाउद्दीन, सलखुआ थाना अध्यक्ष संजना कुमारी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *