भागलपुर के नाथनगर स्थित बुनियाद केंद्र में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल से अब समाज कल्याण विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं सीधे ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिससे जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में काफी सुविधा मिलेगी।

 

इस सेवा की शुरुआत समाज कल्याण विभाग के सचिव सह कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष के करकमलों द्वारा समाज कल्याण विभाग के सभागार से ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल माध्यम से सेवाओं की उपलब्धता से लाभुकों को अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ मिलेगा।

 

इस अवसर पर कॉमन सर्विस सेंटर के जिला समन्वयक (डीसी) नाहिद अख्तर, जिला प्रबंधक तनवीर कर और सीएससी वीएलई अभय शर्मा मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को समाज के जरूरतमंद और दिव्यांगजनों के लिए काफी उपयोगी बताया।

 

बुनियाद केंद्र में कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से समाज कल्याण विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, बैटरी चालित वाहन के लिए ऑनलाइन आवेदन, सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग के लिए आवेदन, यूडीआईडी कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन तथा आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं शामिल हैं।

 

सीएससी संचालक अभय शर्मा ने बताया कि बुनियाद केंद्र से संबंधित जो भी सेवाएं यहां उपलब्ध कराई जा रही हैं, वे लाभुकों को निःशुल्क यानी फ्री ऑफ कॉस्ट प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्ग के लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचाना है।

 

उन्होंने यह भी बताया कि अब वृद्ध, दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों को आवेदन के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बुनियाद केंद्र पर ही एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी।

 

इस नई व्यवस्था से क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि डिजिटल माध्यम से सेवाएं मिलने से सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *